मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीबीटी से जारी की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि, मधुबनी बना राज्य में अव्वल
4.61 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 53.63 करोड़ रुपये, वृद्धजनों, दिव्यांगों और असहाय महिलाओं को मिला आर्थिक संबल
मधुबनी, 10 जून 2026। बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत बुधवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यभर के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की। इस दौरान राज्य के छह प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े 94 लाख 29 हजार 698 लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,096 करोड़ 44 लाख 46 हजार रुपये की राशि भेजी गई।
इस राज्यव्यापी कार्यक्रम में मधुबनी जिला सबसे आगे रहा, जहां 4 लाख 61 हजार 475 लाभार्थियों के खातों में कुल 53 करोड़ 63 लाख 14 हजार 500 रुपये की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। लाभार्थियों की संख्या और भुगतान राशि दोनों के मामले में मधुबनी राज्य के सभी जिलों में प्रथम स्थान पर रहा।
समाहरणालय स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन और राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में पात्र लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच का कार्य कर रही हैं तथा वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं असहाय महिलाओं को सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहायता प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को निम्नानुसार राशि का भुगतान किया गया—
- बिहार राज्य निःशक्ता पेंशन योजना के 26,380 लाभार्थियों को लगभग 2 करोड़ 99 लाख 99 हजार रुपये।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्ता पेंशन योजना के 5,530 लाभार्थियों को 60 लाख 83 हजार रुपये।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना के 1,34,838 लाभार्थियों को 14 करोड़ 85 लाख 24 हजार रुपये।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 28,920 लाभार्थियों को 3 करोड़ 24 लाख 85 हजार 600 रुपये।
- लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 18,483 लाभार्थियों को 2 करोड़ 12 लाख 90 हजार 100 रुपये।
- मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 2,47,324 लाभार्थियों को 29 करोड़ 79 लाख 65 हजार 800 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के संबंध में उनके अनुभव भी जाने। लाभार्थियों गीता देवी, विमला देवी, रुकसाना खातून और अनिता देवी ने मुख्यमंत्री, राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित पेंशन राशि मिलने से उनके दैनिक जीवन और आवश्यक खर्चों को पूरा करने में काफी सहायता मिलती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। डीबीटी व्यवस्था ने बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर लाभार्थियों के खातों में सीधे राशि पहुंचाने का रास्ता प्रशस्त किया है, जिससे योजनाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता में वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार अभियान चला रहा है और भविष्य में भी यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार पाठक सहित सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मी एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के दर्जनों लाभार्थी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता और जरूरतमंद नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयासों का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया।
Reviewed by PSA Live News
on
4:15:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: