ब्लॉग खोजें

मधुबनी में आयुष्मान कार्ड बनाने का 15 दिवसीय महाअभियान शुरू

SC-ST टोलों में घर-घर पहुंचेंगे विकास मित्र, 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के बनेंगे आयुष्मान वय वंदना कार्ड


मधुबनी, 21 जुलाई।
जिले के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार से 15 दिवसीय विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति एवं जिला क्रियान्वयन इकाई, मधुबनी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विकास मित्र घर-घर जाकर छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का निःशुल्क आयुष्मान कार्ड तथा 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाएंगे।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र परिवार स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभ से वंचित न रहे। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। वहीं, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना आयुष्मान वय वंदना योजना से जोड़ा जाएगा।

घर-घर पहुंचकर होगा पंजीकरण और कार्ड निर्माण

विशेष अभियान के दौरान विकास मित्र प्रत्येक पात्र परिवार के घर जाकर योजना की जानकारी देंगे तथा आयुष्मान ऐप एवं वेब पोर्टल के माध्यम से मौके पर ही कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। यदि किसी कारणवश ऑनलाइन कार्ड बनाना संभव नहीं होगा, तो संबंधित लाभार्थियों को निकटवर्ती कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) ले जाकर पूरी तरह निःशुल्क कार्ड बनवाया जाएगा।

इसके लिए जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी CSC संचालकों को विकास मित्रों द्वारा भेजे गए लाभार्थियों का प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी शुल्क के आयुष्मान कार्ड बनाने का आदेश दिया गया है।

कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता भी उपलब्ध

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला आईटी प्रबंधक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी तथा ABDM से जुड़े अधिकारी प्रखंड स्तर के कर्मियों एवं विकास मित्रों को विशेष प्रशिक्षण देंगे। आवश्यकता के अनुसार यूजर आईडी उपलब्ध कराई जाएगी तथा अभियान के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए निरंतर सहायता भी उपलब्ध रहेगी।

प्रतिदिन होगी समीक्षा, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने अभियान की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। प्रखंड स्तर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अभियान की निगरानी करेंगे, जबकि जिला स्तर पर नामित नोडल पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करेंगे। सिविल सर्जन एवं जिला कल्याण पदाधिकारी भी नियमित अनुश्रवण कर प्रगति का आकलन करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों एवं विकास मित्रों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

आयुष्मान ऐप का करें उपयोग, घर बैठे डाउनलोड करें कार्ड

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के आयुष्मान ऐप एवं व्हाट्सएप चैट सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें। इसके माध्यम से लोग घर बैठे अपना आयुष्मान कार्ड बना या डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही वॉलेट बैलेंस, सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी, उपचार का विवरण, शिकायत दर्ज कराने तथा सुझाव देने जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकते हैं।

कार्ड निर्माण पूरी तरह निःशुल्क, पैसे मांगने वालों पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्पष्ट किया कि आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड का निर्माण पूरी तरह निःशुल्क है। यदि कोई व्यक्ति कार्ड बनाने के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि की मांग करता है तो उसके विरुद्ध शिकायत एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विकास मित्रों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के सभी पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत कार्ड निर्माण सुनिश्चित करें ताकि जिले का कोई भी जरूरतमंद परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे।

मधुबनी में आयुष्मान कार्ड बनाने का 15 दिवसीय महाअभियान शुरू मधुबनी में आयुष्मान कार्ड बनाने का 15 दिवसीय महाअभियान शुरू Reviewed by PSA Live News on 7:10:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.