ब्लॉग खोजें

दरभंगा एलिवेटेड परियोजना पर सर्वजन विकास पार्टी का सरकार पर तीखा हमला

₹500 करोड़ में संभव कार्य के लिए ₹1868 करोड़ क्यों? सरकार बताए किसे पहुंचाना चाहती है लाभ : अशोक कुमार झा


रांची/दरभंगा।
सर्वजन विकास पार्टी के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार झा ने दरभंगा में प्रस्तावित 1868 करोड़ की एलिवेटेड सड़क परियोजना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसी परियोजना को आगे बढ़ा रही है, जिससे आम जनता और स्थानीय व्यापारियों को अपेक्षित लाभ मिलता दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लगभग 500 करोड़ की लागत में शहर की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने वाले तीन महत्वपूर्ण फ्लाईओवर बनाए जा सकते हैं, तब आखिर ₹1868 करोड़ की विशाल परियोजना लाने के पीछे सरकार की मंशा क्या है और इसका लाभ किसे पहुंचाया जाना है?

अशोक कुमार झा ने कहा कि किसी भी विकास परियोजना का उद्देश्य जनता की सुविधा बढ़ाना होना चाहिए, न कि अनावश्यक रूप से सरकारी धन खर्च करना। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रस्तावित एलिवेटेड परियोजना से न तो दरभंगा के घनी आबादी वाले अधिकांश क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा और न ही शहर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा स्थानीय कारोबारियों की वर्षों पुरानी जाम की समस्या का प्रभावी समाधान होगा।

उन्होंने कहा कि यदि यही राशि शहर की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं पर खर्च की जाए तो कम लागत में अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जा सकता है। उनके अनुसार, गेहूंमी-पीटीसी, दोनार-बेंता तथा आयकर चौराहा-जिला स्कूल मार्ग पर फ्लाईओवर का निर्माण शहर की यातायात समस्या का अधिक व्यावहारिक और जनहितकारी समाधान साबित हो सकता है।

सर्वजन विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार से पूछा कि जब ₹500 करोड़ में जनता को सीधा लाभ देने वाली परियोजनाएं संभव हैं, तब ₹1868 करोड़ की योजना लाकर आखिर किसे लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है? उन्होंने कहा कि यह सवाल केवल विपक्ष या किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हर उस करदाता का है जिसकी मेहनत की कमाई से सरकारी खजाना भरता है।

अशोक कुमार झा ने कहा कि सरकारी खजाने का पैसा किसी सरकार या नेता की निजी संपत्ति नहीं होता। यह देश के करोड़ों मेहनतकश लोगों द्वारा टैक्स के रूप में जमा किया गया धन है। चाहे परियोजना ₹500 करोड़ की हो या ₹1868 करोड़ की, दोनों ही स्थितियों में खर्च होने वाला प्रत्येक रुपया जनता की गाढ़ी कमाई का है। इसलिए यह सुनिश्चित करना सरकार की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पैसा पूरी पारदर्शिता और जनहित में खर्च हो।

उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर ऐसी योजनाओं को प्राथमिकता नहीं दी जानी चाहिए जिनकी उपयोगिता पर ही सवाल खड़े हो रहे हों। सरकार को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि प्रस्तावित एलिवेटेड परियोजना से दरभंगा के किन-किन क्षेत्रों को वास्तविक लाभ मिलेगा, कितने लोगों का आवागमन सुगम होगा और स्थानीय व्यापार पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा।

झा ने मांग की कि परियोजना पर आगे बढ़ने से पहले विस्तृत तकनीकी समीक्षा, आर्थिक मूल्यांकन और जनसुनवाई कराई जाए, ताकि जनता, व्यापारिक संगठनों, अभियंताओं और यातायात विशेषज्ञों की राय के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।

उन्होंने कहा, "जनता के कड़े परिश्रम की कमाई का पैसा विकास के नाम पर अनावश्यक रूप से खर्च करने का अधिकार किसी को नहीं है। सरकार की पहली जिम्मेदारी है कि हर रुपये का उपयोग आम जनता के हित में हो। यदि कम लागत में अधिक प्रभावी समाधान उपलब्ध है तो उसी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।"

अंत में अशोक कुमार झा ने कहा कि सर्वजन विकास पार्टी विकास कार्यों की विरोधी नहीं है, बल्कि ऐसी विकास योजनाओं की पक्षधर है जो पारदर्शी हों, जनहित पर आधारित हों और जिनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। उन्होंने सरकार से दरभंगा एलिवेटेड परियोजना पर पुनर्विचार कर जनहित में बेहतर विकल्पों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

दरभंगा एलिवेटेड परियोजना पर सर्वजन विकास पार्टी का सरकार पर तीखा हमला दरभंगा एलिवेटेड परियोजना पर सर्वजन विकास पार्टी का सरकार पर तीखा हमला Reviewed by PSA Live News on 7:16:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.