रांची। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम-2009 की धारा 12(1)(सी) के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया 27 जुलाई से शुरू होगी। अभिभावक 2 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए आवेदन www.rteranchi.in पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार, दूसरे चरण की प्रक्रिया केवल पहले चरण में आवेदन कर चुके और दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र पाए गए अभ्यर्थियों के लिए होगी। इस चरण में नए आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि पहले चरण में आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों का नामांकन पूरा होने के बाद बची हुई सीटों को भरने के उद्देश्य से दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
दूसरे चरण के तहत बच्चों के चयन के लिए 5 अगस्त को रांची समाहरणालय स्थित ब्लॉक में ऑनलाइन लॉटरी आयोजित की जाएगी। लॉटरी में चयनित बच्चों का संबंधित निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत नामांकन कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने पात्र अभिभावकों से निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि नामांकन प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी की जा सके।
Reviewed by PSA Live News
on
8:30:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: