राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ियों को जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने किया सम्मानित, हिमांशु ने जीता राष्ट्रीय स्वर्ण पदक
मधुबनी, 03 जुलाई 2026। मधुबनी जिले के खिलाड़ियों ने पेंचक सिलाट खेल में शानदार प्रदर्शन कर जिले और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने उन्हें सम्मानित कर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
6वीं राज्य पेंचक सिलाट चैंपियनशिप ट्रायल में मधुबनी जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्डन कराटे अकादमी के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों हिमांशु कुमार यादव, सुहासनी तथा अभिजीत कुमार झा ने अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता उसके कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि मधुबनी के खिलाड़ी लगातार विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर रहे हैं। ऐसे खिलाड़ियों की सफलता अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार और देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
जानकारी के अनुसार हिमांशु कुमार यादव एवं सुहासनी का चयन 14वीं जूनियर राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ था, जिसका आयोजन 25 से 28 जून 2026 तक महाराष्ट्र के नासिक में किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमांशु कुमार यादव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल मधुबनी बल्कि पूरे बिहार में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया है।
वहीं सुहासनी ने भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया और कई मजबूत खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी। हालांकि क्वालिफिकेशन राउंड में उन्हें कठिन मुकाबले का सामना करना पड़ा और वे अगले चरण में जगह बनाने से चूक गईं। इसके बावजूद उनके प्रदर्शन की व्यापक सराहना की जा रही है तथा भविष्य में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
दूसरी ओर गोल्डन कराटे अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अभिजीत कुमार झा का चयन सीनियर राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 6 से 8 जुलाई 2026 तक मेघालय की राजधानी शिलांग में आयोजित होगी। अभिजीत राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शनिवार को शिलांग रवाना होंगे। खेल विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों को उनसे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस अवसर पर गोल्डन कराटे अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक अरुण कुमार चौधरी ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की कठिन मेहनत, नियमित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अकादमी के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलता रहे तो मधुबनी के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं। उन्होंने अभिभावकों और समाज से भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
मधुबनी के इन युवा खिलाड़ियों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर छोटे शहरों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। जिलेवासियों को अब अभिजीत कुमार झा से भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने की उम्मीद है, जिससे मधुबनी का गौरव और अधिक बढ़ सके।
Reviewed by PSA Live News
on
11:58:00 am
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: