मानव सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा : सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम पहुंचे संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज, निराश्रितों से मिलकर कराया भोजन
आश्रम में शीघ्र ही 50 और सुविधायुक्त बेड लगाये जाएंगे: सदानंद महाराज
रांची। पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम के अंतर्गत संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य प्रेम सभागार) में परम पूजनीय, वंदनीय संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी श्री सदानंद जी महाराज ने आश्रम में निवासरत निराश्रितजनों, दीनबंधु प्रभुजनों एवं सेवादारों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने सभी को अपने कर-कमलों से आशीर्वाद प्रदान किया तथा स्नेहपूर्वक भोजन भी कराया। गुरुदेव के सान्निध्य से पूरा आश्रम आध्यात्मिक ऊर्जा, सेवा भावना और आत्मीयता से ओत-प्रोत हो उठा। गुरुदेव ने आश्रम में रह रहे प्रत्येक प्रभुजन से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके स्वास्थ्य, भोजन, आवास तथा दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्ति को अपने जीवन में उपेक्षित महसूस नहीं होना चाहिए। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का यह नैतिक और मानवीय दायित्व है कि वह ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करे।अपने आशीर्वचन में स्वामी सदानंद जी महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा है। जब हम किसी असहाय, निराश्रित या पीड़ित व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, तभी हमारा जीवन सार्थक होता है।उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आश्रम के सेवा कार्यों में तन, मन और धन से सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सेवा की यह सतत यात्रा जनसहयोग से ही और अधिक व्यापक बनेगी।इस अवसर पर गुरुदेव ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आश्रम में निराश्रितों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए शीघ्र ही 50 और आधुनिक सुविधायुक्त बेड लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक असहाय एवं निराश्रित लोगों को सम्मानपूर्वक आश्रय और समुचित सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल आश्रय देना नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रभुजन को परिवार जैसा स्नेह, सम्मान और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि वर्तमान में आश्रम में 45 निराश्रित प्रभुजनों को भोजन, आवास, चिकित्सा, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। ट्रस्ट निरंतर सेवा कार्यों का विस्तार कर रहा है ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुँचाई जा सके।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, संजय सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, पंकज पोद्दार, रंजीत गाड़ोदिया,मधुसूदन जाजोदिया,नंदकिशोर चौधरी, सुरेश अग्रवाल,मनीष साहू, नवल अग्रवाल,मनीष जालान, पुजारी अरविंद पांडे, विशाल जालान, प्रभास गोयल, विष्णु सोनी सहित ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी,सदस्यगण उपस्थित रहे।
मानव सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा : सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम पहुंचे संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज, निराश्रितों से मिलकर कराया भोजन
Reviewed by PSA Live News
on
10:34:00 pm
Rating:
Reviewed by PSA Live News
on
10:34:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: