ब्लॉग खोजें

मधुबनी में खरीफ सीजन को लेकर प्रशासन अलर्ट: कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा, किसानों को समय पर बीज-उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश


मधुबनी, 20 जुलाई 2026।
खरीफ मौसम के मद्देनज़र जिले में कृषि गतिविधियों को गति देने और किसानों को सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सर्वप्रथम फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के प्रत्येक पात्र किसान का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।

खरीफ 2026 सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए धान की नर्सरी एवं रोपनी की वर्तमान स्थिति, जिले में हुई वर्षा, सिंचाई की उपलब्धता तथा कृषि कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जहां रोपनी का कार्य धीमा है, वहां किसानों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराते हुए कृषि कार्यों में तेजी लाई जाए।

बैठक में जिले में उर्वरकों के भंडारण, उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। इसके साथ ही गुणवत्तापूर्ण बीजों के समय पर वितरण और कृषि इनपुट अनुदान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया।

समीक्षा के दौरान मिट्टी जांच प्रयोगशाला, आत्मा योजना के तहत किसानों के प्रशिक्षण, कृषि यंत्रीकरण, सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन तथा कृषि आधारित सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि योजनाओं की नियमित निगरानी और अनुश्रवण के माध्यम से किसानों तक लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, समेकित मत्स्य विकास योजना, मत्स्य बीज उत्पादन, तालाब विकास, मत्स्य प्रशिक्षण कार्यक्रम, मत्स्य विपणन, मत्स्य वाहन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बैंक स्तर पर लंबित किसान क्रेडिट कार्ड एवं फसल बीमा के आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग कर पात्र किसानों को शीघ्र लाभ उपलब्ध कराया जाए।

पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान पशु टीकाकरण अभियान, कृत्रिम गर्भाधान, मोबाइल वेटेरिनरी यूनिट, पशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पशुपालकों तक सभी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए, ताकि कृषि के साथ-साथ पशुपालन क्षेत्र को भी मजबूती मिल सके।

बैठक के अंत में जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि खरीफ मौसम किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, पर्याप्त उर्वरक, तकनीकी सलाह, बीमा, ऋण एवं अन्य सरकारी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों। साथ ही सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के सभी अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

मधुबनी में खरीफ सीजन को लेकर प्रशासन अलर्ट: कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा, किसानों को समय पर बीज-उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश मधुबनी में खरीफ सीजन को लेकर प्रशासन अलर्ट: कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा, किसानों को समय पर बीज-उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश Reviewed by PSA Live News on 7:21:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.