ब्लॉग खोजें

झारखंड के युवाओं के लिए सिनेमा का नया दौर शुरू: SRFTI के साथ MoU, विश्वस्तरीय फिल्म एवं मीडिया प्रशिक्षण देगा JFTI

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन बोले— झारखंड की प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच, फिल्म निर्माण की अपार संभावनाओं को मिलेगा नया आयाम


रांची।
झारखंड के युवाओं को फिल्म, टेलीविजन, डिजिटल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म के क्षेत्र में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति में झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और देश के प्रतिष्ठित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के साथ ही झारखंड में झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की स्थापना और संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर को झारखंड के सांस्कृतिक और रचनात्मक भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय क्षण बताते हुए कहा कि यह केवल एक समझौता नहीं, बल्कि राज्य के हजारों प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य के युवाओं को अपने हुनर को निखारने के लिए बाहर न जाना पड़े, बल्कि उन्हें झारखंड में ही आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध हों।

शुरुआत होगी शॉर्ट-ड्यूरेशन कोर्स से

मुख्यमंत्री ने बताया कि JFTI के पूर्ण रूप से कार्यशील होने से पहले प्रारंभिक चरण में अल्पकालिक (Short-duration) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों में सिनेमा और मीडिया जगत के लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। इनमें—

  • साउंड डिजाइनिंग
  • फिल्म एडिटिंग
  • एनिमेशन
  • स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग
  • सिनेमैटोग्राफी
  • फिल्म डायरेक्शन
  • फिल्म प्रोडक्शन

जैसे विषयों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे राज्य के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और फिल्म उद्योग में करियर बनाने के नए अवसर प्राप्त होंगे।

OTT और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन के लिए भी तैयार होंगे युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर पारंपरिक फिल्मों तक सीमित नहीं है। ओटीटी प्लेटफॉर्म, यूट्यूब, सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट उद्योग तेजी से विस्तार कर रहे हैं। ऐसे समय में तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। JFTI के माध्यम से झारखंड के युवाओं को इन आधुनिक क्षेत्रों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें।

झारखंड प्रतिभाओं का राज्य, जरूरत केवल उन्हें तराशने की

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों के साथ-साथ कला और संस्कृति की भी समृद्ध भूमि है। यहां अनगिनत प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच और प्रशिक्षण नहीं मिल पाता। उन्होंने हाल ही में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त संथाली फिल्म "आंगेन" का उल्लेख करते हुए कहा कि यह साबित करता है कि झारखंड के कलाकार किसी से कम नहीं हैं। यदि उन्हें आधुनिक तकनीक और सही मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अब JFTI के माध्यम से इन्हीं प्रतिभाओं को खोजा जाएगा, प्रशिक्षित किया जाएगा और उन्हें नई उड़ान दी जाएगी।

फिल्म निर्माण की अपार संभावनाओं वाला राज्य है झारखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, जंगल, पहाड़, झरने, खदानें और सांस्कृतिक विविधता फिल्म निर्माण के लिए बेहद उपयुक्त हैं। उन्होंने बताया कि देश की कई चर्चित फिल्मों की शूटिंग झारखंड में हो चुकी है। इनमें "दिल बेचारा", "एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी", "गैंग्स ऑफ वासेपुर" जैसी फिल्मों के अलावा महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्म की भी शूटिंग धनबाद में हुई थी।

उन्होंने प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रकाश झा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी शिक्षा-दीक्षा भी झारखंड से जुड़ी रही है। इससे स्पष्ट है कि राज्य में फिल्म उद्योग के विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं।

'जे नाची से बाची' की भावना को मिलेगा नया विस्तार

मुख्यमंत्री ने झारखंड के महान विद्वान और संस्कृति पुरुष डॉ. रामदयाल मुंडा की प्रसिद्ध पंक्ति "जे नाची से बाची" का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड का हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में कलाकार है। कई बार संसाधनों और अवसरों के अभाव में यह प्रतिभा सामने नहीं आ पाती। JFTI और SRFTI के सहयोग से अब इन प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा और उनकी कला को नई पहचान मिलेगी।

राज्य सरकार की पहल से मिलेगा सकारात्मक परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड के खिलाड़ी देश और दुनिया में नाम कमा रहे हैं। उसी प्रकार कला, फिल्म और मीडिया के क्षेत्र में भी राज्य के युवा नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। सरकार का उद्देश्य केवल संस्थान बनाना नहीं, बल्कि ऐसा मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां से प्रशिक्षित कलाकार, निर्देशक, तकनीशियन और कंटेंट क्रिएटर निकलकर देश-दुनिया में झारखंड का नाम रोशन करें।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाली संस्था का मिलेगा मार्गदर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट विश्व की प्रतिष्ठित फिल्म शिक्षण संस्थाओं में से एक है। इस संस्थान के सहयोग से झारखंड के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और वैश्विक स्तर की फिल्म शिक्षा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकारों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड के कई प्रतिष्ठित फिल्मकारों और कलाकारों को सम्मानित किया। इनमें तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त बीजू टोप्पो, संथाली शॉर्ट फिल्म "आंगेन" के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित रविराज मुर्मू, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित फिल्मों "बिलोंगिंग टू अनटचेबल गॉड" और "द टर्टल स्टोरी" के लिए सम्मानित अनुज कुमार, तथा कुड़ुख फिल्म "एडपा काना" के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त निरंजन कुजूर शामिल रहे।

वित्त मंत्री और SRFTI के कुलपति ने भी रखे विचार

राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर तथा सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के कुलपति समीरन दत्ता ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह समझौता झारखंड में फिल्म शिक्षा और फिल्म उद्योग के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के अवसर प्राप्त होंगे।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता, डीन सुकांते मजूमदार, सरला बिरला विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल प्रो. (डॉ.) गोपाल पाठक, कुलपति डॉ. सी. जगन्नाथ, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रो. सी.बी. शर्मा, SRFTI के प्रो. इंद्रनील मुखर्जी, एन. बनर्जी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी, फिल्मकार एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

नई रचनात्मक क्रांति की ओर बढ़ा झारखंड

झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के बीच हुआ यह समझौता राज्य में फिल्म, मीडिया और डिजिटल कंटेंट उद्योग के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। इससे न केवल झारखंड के प्रतिभाशाली युवाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि राज्य में फिल्म निर्माण, रोजगार, पर्यटन और रचनात्मक उद्योगों को भी नई गति मिलेगी। आने वाले वर्षों में यह पहल झारखंड को देश के उभरते हुए फिल्म एवं मीडिया हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

झारखंड के युवाओं के लिए सिनेमा का नया दौर शुरू: SRFTI के साथ MoU, विश्वस्तरीय फिल्म एवं मीडिया प्रशिक्षण देगा JFTI झारखंड के युवाओं के लिए सिनेमा का नया दौर शुरू: SRFTI के साथ MoU, विश्वस्तरीय फिल्म एवं मीडिया प्रशिक्षण देगा JFTI Reviewed by PSA Live News on 8:15:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.