रांची, 17 अगस्त 2026। पवित्र सावन मास की तीसरी सोमवारी के अवसर पर समिति के कार्यालय परिसर में श्रद्धा और भक्ति के साथ महा रुद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा परिसर भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भजन-कीर्तन से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महा रुद्राभिषेक यज्ञ का विधिवत आयोजन पंडित श्री बिंदु शेखर झा के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि यजमान श्री राजेश झा ने धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान भगवान भोलेनाथ का विशेष पूजन, अभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार किया गया। श्रद्धालुओं ने जल, दूध सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से बाबा भोलेनाथ का अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित कीर्तन एवं भजन में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं समेत बड़ी संख्या में भक्तों ने उत्साहपूर्वक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया।
पूजा-अर्चना एवं महा रुद्राभिषेक के समापन के बाद महा भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें करीब 500 भक्तों को खीर, पूरी और सब्जी का महाप्रसाद श्रद्धापूर्वक वितरित किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन समिति के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष श्री जयंत झा, महासचिव श्री उदित नारायण ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री आशु झा, संगठन सचिव श्री राजेश झा सहित संतोष मिश्रा, वैद्य मनोज झा, राधेश्याम यादव, मृत्युंजय झा, सौरभ कुणाल, ऋतुनाथ झा, रंजीत लाल दास, गोपालचंद ठाकुर, जितेंद्र मिश्रा, अशोक मिश्रा, पवन सोनी, मनोज सोनी, अनूप कुमार साहू, सत्यम पांडे, संतोष सोनी, अनूप कुमार गुप्ता समेत समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सावन के पावन महीने में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक एवं धार्मिक चेतना को बढ़ावा देना तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।
उक्त जानकारी समिति के अध्यक्ष श्री जयंत झा ने दी।
Reviewed by PSA Live News
on
9:02:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: