मधुबनी। पीएम सूर्य घर योजना का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने और जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, जन-जागरूकता और अधिकारियों-कर्मचारियों की भागीदारी को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि “अधिकारी स्वयं सोलर अपनाएं, तभी आमजन को भी प्रेरणा मिलेगी।” उन्होंने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने घरों की छत पर पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने की पहल करने तथा अपने विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को भी इसके लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी पदाधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से आम लोगों के बीच योजना को लेकर विश्वास और जागरूकता बढ़ेगी। सौर ऊर्जा को अपनाने से जहां स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, वहीं घरेलू बिजली खर्च में भी कमी लाने में मदद मिलेगी।
पंचायत एवं विभागीय स्तर पर लगेंगे जागरूकता शिविर
डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि अपने-अपने स्तर से पीएम सूर्य घर योजना को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। शिविरों में आम लोगों को सोलर पैनल लगाने के फायदे, योजना के प्रावधान, आवेदन की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
जागरूकता शिविरों में विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मी भी आवश्यकतानुसार मौजूद रहेंगे। वे लोगों को योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी, सोलर पैनल की क्षमता एवं अन्य विकल्पों के चयन, आवेदन प्रक्रिया तथा योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराएंगे।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना की जानकारी केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि जिले के पात्र परिवार इसका लाभ उठा सकें।
स्वच्छ ऊर्जा के साथ बिजली खर्च में कमी
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना लोगों को स्वच्छ और हरित ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बिजली के खर्च को कम करने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में सिविल सर्जन, मधुबनी, जिला उत्पाद पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिले के सभी विद्युत कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
Reviewed by PSA Live News
on
8:06:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: