राँची। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवाकेन्द्र, चौधरी बगान, हरमू रोड में संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के पूर्व सप्ताह के अवसर पर भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिनभर रक्तदाताओं की कतार लगी रही और बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रिम्स के पूर्व निदेशक डॉ. आर.के. श्रीवास्तव ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा भारत एवं नेपाल में चलाया जा रहा विशाल रक्तदान अभियान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता बढ़ेगी तो रक्तदान को लेकर व्याप्त नकारात्मक धारणाएं स्वतः समाप्त होंगी। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से संस्था समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही है।
राँची विश्वविद्यालय की राजनीतिशास्त्र की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. रानी प्रगति प्रसाद ने कहा कि इस पवित्र अवसर पर उन्हें मानवता की सेवा का नया संदेश मिला है—“मानवता की सेवा मानवता के द्वारा।” उन्होंने रक्तदान को मानव कल्याण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।
योगदा सत्संग विद्यालय के प्राचार्य कृष्णा शुक्ला ने रक्तदान को गीता में वर्णित सुकर्म और सात्त्विक दान की संज्ञा देते हुए कहा कि यह निःस्वार्थ भाव से किया जाने वाला ऐसा दान है, जिसका लाभ किसी अनजान जरूरतमंद व्यक्ति को भी मिल सकता है।
शिव नारायण कन्या विद्यालय की प्राचार्या वर्षा जी ने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि जरूरत के समय किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि “रक्त का दान करुणा का दान है।” रक्तदाता को यह पता नहीं होता कि उसका रक्त किस जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाएगा। इसलिए यह गुप्त, महादान और पूर्णतः निःस्वार्थ सेवा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इस अवसर पर 88,378 यूनिट रक्तदान किया गया था, जिसे OMG World Record में दर्ज किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में मानवता, एकता, करुणा, सहयोग और निःस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों को मजबूत करना भी रहा। शिविर के दौरान प्रतिभागियों के लिए गाइडेड मेडिटेशन का आयोजन भी किया गया।
रिम्स के डॉ. उमेश कुमार सिंह ने शिविर के आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन एवं संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सेवा की भावना भी मजबूत होती है।
शिविर में रिम्स ब्लड बैंक के चिकित्सक, नर्स एवं मेडिकल स्टाफ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं दीं। पूरे दिन रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को रिम्स एवं ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से पोषण सामग्री तथा रक्तदान संबंधी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रक्तदान शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने के लिए किया गया रक्तदान केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है।
Reviewed by PSA Live News
on
10:00:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: