मधुबनी। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत अनुसूचित जाति आबादी वाले टोलों के पात्र परिवारों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं जनसुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मधुबनी जिला प्रशासन द्वारा व्यापक कार्यक्रमों की शुरुआत की जा रही है। अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला कल्याण कार्यालय, मधुबनी के तत्वावधान में 18 अगस्त 2026 से कलश यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यह कलश यात्रा 18 से 20 अगस्त 2026 तक जिला स्तर से पंचायत स्तर तक आयोजित की जाएगी। निर्धारित मार्ग से निकलने वाली जिला स्तरीय कलश यात्रा के माध्यम से लोगों को अभियान के उद्देश्यों, सरकारी योजनाओं तथा आगामी शिविरों की जानकारी दी जाएगी।
27 अगस्त से लगेंगे संत रविदास विकास शिविर
अभियान के अगले चरण में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को अनुसूचित जाति टोलों में ‘श्री संत रविदास विकास शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही प्राप्त आवेदनों का मौके पर निष्पादन तथा योजनाओं से संबंधित entitlement का वितरण किया जाएगा।
शिविरों में राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, विद्यालय नामांकन, आंगनबाड़ी सेवाएं, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, कौशल विकास, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, वास-भूमि/बंदोबस्ती, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, हर घर नल-जल, मनरेगा, बिजली कनेक्शन, जीविका एवं स्वच्छता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
IEC वैन से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सितंबर और अक्टूबर 2026 में IEC वैन का भी संचालन किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं, पात्रता एवं उपलब्ध सेवाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
युवाओं और विद्यार्थियों की भी होगी भागीदारी
अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खेल प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रमुख हैं। इसके अलावा युवाओं को आधुनिक तकनीक एवं रोजगारोन्मुख कौशल से जोड़ने के लिए AI, 3D प्रिंटिंग एवं Industry 4.0 से संबंधित कौशल विकास कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
जिला प्रशासन का उद्देश्य संत शिरोमणि गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से अनुसूचित जाति टोलों में रहने वाले पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ना है। प्रशासन का मानना है कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभुकों को समय पर लाभ तथा जनभागीदारी से सामाजिक समरसता और समावेशी विकास को और मजबूत किया जा सकेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
10:44:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: