ब्लॉग खोजें

हांसी पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक विनोद भयाना सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे मुख्यमंत्री, हांसी में तैयारियां पूरी


हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा)।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार शाम हांसी पहुंचे। स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में पहुंचने पर हांसी के विधायक विनोद भयाना, उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हांसी में प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे शहर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर देशभक्ति का माहौल नजर आया।

हांसी के लिए ऐतिहासिक अवसर : विधायक विनोद भयाना

विधायक विनोद भयाना ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि हांसी की ऐतिहासिक धरती पर राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि जिला बनने के बाद हांसी को पहली बार राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की मेजबानी का अवसर मिला है, जो हांसीवासियों के लिए ऐतिहासिक एवं यादगार क्षण है।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से समारोह की गरिमा और बढ़ गई है। जिला बनने के बाद हांसी में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं और प्रदेश सरकार के सहयोग से इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ विकास एवं जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। हांसी में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास कार्यों को भी गति मिली है। क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।

समारोह की तैयारियां पूरी

उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। समारोह स्थल और शहर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, पार्किंग और बैठने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

डीसी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हांसी की ऐतिहासिक धरती पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन क्षेत्र की गौरवशाली पहचान को पूरे प्रदेश के सामने प्रस्तुत करने का भी अवसर है।

वरिष्ठ अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के स्वागत के अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, भाजपा नेता सुरेंद्र पूनिया, उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के हांसी आगमन के दौरान अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी भी साझा की। मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान पूरा वातावरण उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर हांसीवासियों में भी विशेष उत्साह है। शहरवासी इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं। जिला बनने के बाद पहली बार हांसी में आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय समारोह को लेकर प्रशासन और आमजन दोनों में उत्साह का माहौल है।

हांसी पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक विनोद भयाना सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत हांसी पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक विनोद भयाना सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत Reviewed by PSA Live News on 10:01:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.