सावन की तीसरी सोमवारी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सनातन धर्म की रक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का लिया संकल्प
रांची। सावन की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर कांके महाकाल ग्रुप के तत्वावधान में सुकुरहुटू की धरती पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सनातनी परंपरा से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। महाआरती के दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और महादेव से क्षेत्र, समाज एवं राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। विशेष रूप से झारखंड के युवाओं एवं छात्र-छात्राओं के सुरक्षित, उज्ज्वल और बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भैरव जी ने सनातन धर्म की रक्षा, धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा समाज में एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से सनातन धर्म और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए संकल्प लेने की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन रमेश साहू ने किया। आयोजन समिति के विवेक प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने में सहयोग देने वाले सभी सनातन धर्मावलंबियों, श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सहभागिता और सहयोग ने आयोजन को यादगार बना दिया।
महाआरती के दौरान भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया और समाज में शांति, सद्भाव, समृद्धि एवं भाईचारे की कामना की। आयोजन में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सरोकारों का भी संदेश देखने को मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रमेश साहू, मनोहर महतो, निलेश महतो, अंकित महतो, आदित्य पोद्दार, किशन महतो, अजीत महतो, सुनील मुंडा, हलदर साहू सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।
सावन की तीसरी सोमवारी पर आयोजित यह भव्य महाआरती श्रद्धा, आस्था, सामाजिक एकजुटता और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश दे गई।
Reviewed by PSA Live News
on
5:20:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: