ब्लॉग खोजें

नंदोत्सव में कृष्ण भक्ति से सराबोर हुआ प्रणामी सेवाधाम मंदिर

10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए श्री राधा-कृष्ण के दर्शन, 3 हजार से अधिक भक्तों ने ग्रहण किया अन्नपूर्णा महाप्रसाद




रांची।
पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी सेवाधाम मंदिर में नंदोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के अद्भुत वातावरण में मनाया गया। परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद से संचालित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक उत्सव में दिनभर आध्यात्मिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। नंदोत्सव में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए, जबकि 3 हजार से अधिक भक्तों ने अन्नपूर्णा महाप्रसाद ग्रहण किया।

नंदोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और मनमोहक रोशनी से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। भगवान श्री राधा-कृष्ण एवं श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार किया गया। वृंदावन से मंगाए गए आकर्षक जड़ित आभूषणों से श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

विशेष पूजा-अर्चना के बाद हुआ भजन-कीर्तन

मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं मंत्रोच्चार संपन्न कराया। भगवान श्री राधा-कृष्ण को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए। इसके बाद भजन-कीर्तन एवं भक्तिमय संकीर्तन का आयोजन हुआ। मधुर भजनों और संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय हो उठा। श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर होकर झूमते और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते नजर आए।

अन्नपूर्णा सेवा में 3 हजार से अधिक भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

ट्रस्ट की ओर से नंदोत्सव के अवसर पर अन्नपूर्णा सेवा के तहत श्रद्धालुओं के लिए विशेष महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। भक्तों के बीच केसरिया खीर, स्वादिष्ट वेजिटेबल खिचड़ी और जलजीरा जूस का वितरण किया गया। इस सेवा के माध्यम से 3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्ग भक्त भगवान के दर्शन और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे।

महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

भजन-कीर्तन के उपरांत सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाआरती में हिस्सा लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना की। श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज और देश में सुख-शांति, समृद्धि एवं सद्भाव की कामना की। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

गौसेवा के जरिए दिया सेवा और करुणा का संदेश

नंदोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवा धाम में भी विशेष गौसेवा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं और सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने गौसेवा में भाग लेकर धर्म के साथ सेवा, करुणा और जीवों के प्रति संवेदना का संदेश दिया।

नंदोत्सव प्रेम, सेवा और सद्भाव का पर्व : संजय सर्राफ

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि नंदोत्सव भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आनंदमयी स्मृति का पर्व होने के साथ-साथ समाज में प्रेम, सेवा, सद्भावना और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने वाला उत्सव है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा कार्यों को भी निरंतर प्राथमिकता देता रहा है। सेवा और धर्म के माध्यम से समाज में सकारात्मक एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत करना ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य है।

नंदोत्सव के आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, अंजनी अग्रवाल, पवन पोद्दार, संजय सर्राफ सहित ट्रस्ट के सदस्यों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सक्रिय भूमिका रही।

नंदोत्सव में कृष्ण भक्ति से सराबोर हुआ प्रणामी सेवाधाम मंदिर नंदोत्सव में कृष्ण भक्ति से सराबोर हुआ प्रणामी सेवाधाम मंदिर Reviewed by PSA Live News on 8:46:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.