ब्लॉग खोजें

जनता दरबार में न्याय की मिसाल: भू-माफियाओं के मंसूबों पर चला डीसी का बुलडोज़र


रांची । 
जनता की समस्याओं को सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा प्रत्येक सप्ताह आयोजित किए जा रहे जनता दरबार एक बार फिर गंभीर भूमि विवादों और प्रशासनिक शिथिलता के खिलाफ सशक्त हस्तक्षेप का मंच बने। सोमवार को आयोजित जनता दरबार में न केवल भू-माफियाओं की साजिशें उजागर हुईं, बल्कि म्यूटेशन में हो रही लेटलतीफी पर अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की गई।

चार वर्षों से अटका म्यूटेशन, डीसी के हस्तक्षेप से हुआ समाधान

करमटोली निवासी रामेश्वर कुमार यादव वर्ष 2020 से अपनी खरीदी गई जमीन के म्यूटेशन के लिए भटक रहे थे। इस दौरान भू-माफियाओं ने फर्जी दस्तावेज बनाकर उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की। मामले को जनता दरबार में रखने पर उपायुक्त ने तत्क्षण संबंधित अंचल अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके बाद म्यूटेशन संपन्न हुआ। भावुक होते हुए रामेश्वर यादव ने कहा, "थैंक यू डीसी सर, आपने हमें न्याय दिलाया।"

कांके अंचल में मिलीभगत से जमीन हड़पने की कोशिश, जांच के आदेश

जनता दरबार में कांके अंचल अंतर्गत मौजा मदनपुर में जमीन हड़पने का गंभीर मामला सामने आया। आवेदक ने बताया कि कुछ लोगों ने अंचल कर्मियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर म्यूटेशन कर कब्जा करने की साजिश रची है। उपायुक्त ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए एएसओ को मामले की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।

शहर अंचल के कर्मचारी को शो-कॉज, प्रपत्र 'क' की चेतावनी

रंजीत मोहन नामक आवेदक ने 31 मार्च 2025 को म्यूटेशन हेतु आवेदन दिया था, पर निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद कोई अग्रेतर कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारी की टालमटोल की शिकायत जनता दरबार में की गई। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने संबंधित कर्मी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और एक सप्ताह के भीतर म्यूटेशन नहीं करने पर प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश दिया।

बेटी की शादी में सरकारी सहयोग सुनिश्चित, कन्यादान योजना के तहत सहायता

रामवृक्ष उरांव ने अपनी बेटी की आगामी शादी के लिए आर्थिक सहायता हेतु मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सहायता की मांग की। डीसी श्री भजन्त्री ने तत्क्षण समाज कल्याण पदाधिकारी को फोन कर योजना का लाभ त्वरित रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

दुर्घटना में मृतक के परिजन को मिलेगा मुआवजा

एक सड़क दुर्घटना में मृत युवक के पिता ने प्राकृतिक आपदा राहत योजना के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की। उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को जनता दरबार में बुलाकर सभी दस्तावेजों की समीक्षा की और समयबद्ध मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधानों को नहीं मिला मानदेय, कोषागार पदाधिकारी से तत्काल स्थिति स्पष्ट

अनगड़ा के ग्राम प्रधान संघ के प्रतिनिधियों ने शिकायत की कि उन्हें पिछले एक वर्ष से मानदेय नहीं मिला है। जांच में पाया गया कि कई ग्राम प्रधानों के आईएफएससी कोड में त्रुटि के कारण भुगतान लंबित था। उपायुक्त ने कोषागार पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित बैंक विवरणों में सुधार कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान भी बना जनता दरबार का हिस्सा

जनता दरबार में सिर्फ समस्याओं का समाधान ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता की भी पहल देखी गई। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी ‘अबुआ साथी’ पोर्टल पर साझा करें। उन्होंने महिला आवेदकों से ‘मंईयां सम्मान योजना’ के लाभ की जानकारी भी ली।

हर सप्ताह बढ़ रही है जनता दरबार में भागीदारी

आज आयोजित जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुँचे। जमीन विवाद, पेंशन, प्रमाण-पत्र, राजस्व, अवैध कब्जा, शासकीय योजनाओं का लाभ न मिलने जैसी विविध समस्याएं सामने आईं। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने संबंधित विभागों को हर शिकायत पर त्वरित जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए।

न्याय का मंच बनता जनता दरबार

जनता दरबार अब सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि यह आम जनता के लिए आशा और न्याय का वास्तविक मंच बनता जा रहा है। डीसी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की नेतृत्व शैली, संवेदनशीलता और प्रशासनिक दृढ़ता ने जनता को यह विश्वास दिलाया है कि उनकी समस्याएं सुनी और सुलझाई जा रही हैं – बिना रिश्वत, बिना सिफारिश।


रिपोर्ट – PSA Live News, रांची
(अधिकार सुरक्षित)

जनता दरबार में न्याय की मिसाल: भू-माफियाओं के मंसूबों पर चला डीसी का बुलडोज़र जनता दरबार में न्याय की मिसाल: भू-माफियाओं के मंसूबों पर चला डीसी का बुलडोज़र Reviewed by PSA Live News on 9:56:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.