ब्लॉग खोजें

झारखंड राज्य की रजत जयंती वर्ष पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा की चमक

राज्य के 30.8 लाख विद्यार्थी विशेष प्रातःकालीन सभाओं में हुए शामिल, 52,794 विद्यार्थियों ने प्रखंड स्तर पर दी अपनी प्रस्तुति

कल 14 नवंबर को होंगे जिला स्तरीय प्रतियोगिताएँ और सेमिनार

रांची। झारखंड राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में “विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं के उत्सव” के तहत राज्यभर के सरकारी और आवासीय विद्यालयों में चल रहे विशेष कार्यक्रमों के तीसरे दिन आज विद्यार्थियों की प्रतिभा पूरे उत्साह के साथ झलकी।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित इस राज्यव्यापी उत्सव के तहत आज 13 नवंबर 2025 को राज्य के विभिन्न प्रखंडों में एक साथ क्विज, निबंध लेखन, नृत्य, संगीत, ड्रामा, कहानी लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें 52,794 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

स्कूलों में गूंजा “हमारा झारखंड – हमारी पहचान” का स्वर

राज्य के सभी सरकारी और आवासीय विद्यालयों में आज विशेष प्रातःकालीन सभाओं का आयोजन हुआ, जिसमें 30.8 लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
इन सभाओं में विद्यार्थियों ने राज्य के महापुरुषों, जननायकों और आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनकी विरासत को याद किया।
साथ ही बच्चों को झारखंड के गौरवशाली इतिहास, जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा के बारे में जानकारी दी गई।

प्रातःकालीन सभाओं में विद्यार्थियों ने “हमारा झारखंड – हमारी पहचान” जैसे नारों के साथ झारखंड की एकता, संस्कृति और विकास यात्रा का संदेश दिया। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों ने झारखंडी परिधानों में लोकगीत, लोकनृत्य और नाटक प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कला, संस्कृति और सृजनशीलता की बेजोड़ झलक

राज्यभर के प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति देखने लायक रही।
क्विज़ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने झारखंड के इतिहास, भूगोल, स्वतंत्रता संग्राम और राज्य निर्माण से जुड़े प्रश्नों का शानदार उत्तर दिया।
निबंध लेखन में विद्यार्थियों ने “विकासशील झारखंड की यात्रा”, “हमारे आदिवासी नायक”, “सांस्कृतिक विरासत की पहचान” जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

कहानी लेखन में बच्चों ने जनजातीय जीवन, पर्यावरण, शिक्षा और नारी सशक्तिकरण पर आधारित कहानियाँ लिखीं।
नृत्य, संगीत और ड्रामा प्रतियोगिताओं में झारखंडी लोक धुनों की गूंज के साथ बच्चों ने प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि को मंच पर जीवंत कर दिया।
वहीं पेंटिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने झारखंड की हरियाली, पर्व-त्योहार और जल-जंगल-जमीन के प्रति लगाव को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया।

जिला स्तर पर मिलेगा मंच, राज्य स्तर तक पहुँचेगी श्रेष्ठ प्रतिभाएँ

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के अधिकारियों ने बताया कि प्रखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं का चयन राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि “राज्य की रजत जयंती के इस अवसर पर बच्चों को अपनी सृजनशीलता और झारखंड के प्रति भावना व्यक्त करने का मौका दिया जा रहा है, जो उनके व्यक्तित्व विकास की दिशा में भी एक सार्थक पहल है।”

कल 14 नवंबर को सेमिनार और प्रभात फेरी का आयोजन

विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं के उत्सव के तहत 14 नवंबर 2025 को राज्यभर के सरकारी और आवासीय विद्यालयों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
इसी दिन सेमिनार का भी आयोजन होगा, जिसमें झारखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा, राज्य आंदोलन के नायक, सामाजिक-आर्थिक प्रगति, भौगोलिक और सांस्कृतिक पहचान, और आदिवासी गौरव जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

साथ ही, सभी विद्यालयों में विशेष प्रातःकालीन प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी, जिसमें विद्यार्थी झंडे और बैनर के साथ “जय झारखंड, जय जन-जन” के नारों से वातावरण को देशभक्ति और राज्य गौरव की भावना से भर देंगे।

15 नवंबर को विजेताओं का होगा सम्मान

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इन विजेताओं को प्रमाणपत्र, प्रतीक चिन्ह और स्मृति चिह्न देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
राज्य स्तर पर आयोजित समारोह में श्रेष्ठ प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय सम्मान भी दिया जाएगा।

“बच्चों के माध्यम से झारखंड की पहचान को नई पीढ़ी तक पहुँचाना ही उद्देश्य”

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा —

“यह उत्सव केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में झारखंड की अस्मिता, गौरव और सांस्कृतिक धरोहर को जागृत करने का अभियान है। बच्चों के माध्यम से झारखंड की पहचान को नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है।”

“विरासत से प्रगति की ओर, और प्रगति से आकांक्षाओं की ओर – यही है झारखंड की 25 वर्ष की यात्रा”

झारखंड राज्य की रजत जयंती वर्ष पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा की चमक झारखंड राज्य की रजत जयंती वर्ष पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा की चमक Reviewed by PSA Live News on 6:35:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.