रांची। हरमू रोड स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान चौधरी बागान केंद्र में आयोजित विशेष आध्यात्मिक प्रवचन कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने मानव जीवन, आत्मिक शुद्धता और ईश्वरीय चेतना पर गहन विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सात्विक वृत्ति, दिव्य गुणों से सम्पन्न और अपना जीवन जनकल्याण में समर्पित करते हैं, उनके आत्मिक प्रकंपन अत्यंत शक्तिशाली होते हैं। ऐसे व्यक्ति अपने संपर्क में आने वाले प्रत्येक इंसान को भी सद्भावना, सदाचार और सकारात्मक व्यवहार की दिशा में प्रेरित करते हैं।
प्रवचन के दौरान निर्मला बहन ने कहा कि जिन आत्माओं की योग में स्थिति उच्च होती है, वे केवल शब्दों से ही नहीं, बल्कि अपने नेत्रों की दृष्टि, मौन भाव, और प्रसाद के रूप में दिए गए आशीर्वाद से भी लोगों को ऊर्जा प्रदान करते हैं। उनका जीवन इच्छाओं और तृष्णाओं से ऊपर उठकर परमसत्ता से जुड़ जाता है, जिससे वे भौतिकता के बोझ से मुक्त अवस्था प्राप्त कर लेते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सच्चे योगी का मन घृणा, ईर्ष्या और द्वेष से रहित होता है। ऐसा व्यक्ति सभी का शुभचिंतक और करुणाशील होता है। उन्होंने कहा कि आज का मनुष्य स्वयं को नकारात्मक विचारों के घेरे में बांध चुका है और माया का एक सशक्त आवरण ओढ़ चुका है, जिसके कारण वह ईश्वरीय प्रकाश और योगियों के सकारात्मक प्रकंपनों का लाभ नहीं ले पाता।
निर्मला बहन ने कहा कि प्रकाश में चलने से अधिक शक्ति स्वयं “प्रकाश स्वरूप” बनने में है। मन की मौन अवस्था को उन्होंने अत्यंत शक्तिशाली बताया और कहा कि बाहरी आकर्षणों में अत्यधिक उलझने से व्यक्ति अपना आत्मबल खो बैठता है और अंतर्मुखी शक्ति क्षीण हो जाती है।
कार्यक्रम के दौरान “गुरु” शब्द की व्याख्या करते हुए निर्मला बहन ने कहा कि गुरु वही है, जो आत्मा को सत्य का मार्ग दिखाए और अधोगति से सद्गति की ओर ले जाए। अन्य विद्याओं के शिक्षक को ‘प्राध्यापक’ या ‘शिक्षक’ कहा जा सकता है, लेकिन ‘गुरु’ की उपाधि उन्हीं को प्राप्त हो सकती है जो आत्मिक उत्थान का मार्ग दिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि परमात्मा निराकार शिव ही सच्चे सद्गुरु हैं। जन्म-मरण के बंधन में बंधे, रोग, वृद्धावस्था का कष्ट भोगने वाले और स्वयं साधना द्वारा मुक्ति की कामना करने वाले किसी भी अल्पज्ञ मनुष्य को परमात्मा मान लेना अंधश्रद्धा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रवचन को आत्मिक शांति और जीवन को नई दिशा देने वाला बताया।
Reviewed by PSA Live News
on
10:42:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: