रांची। झारखंड की राजधानी रांची के विद्यानगर स्थित शिव हनुमान मंदिर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भक्ति और देशभक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। मंदिर प्रांगण देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया, जहाँ भगवान भोलेनाथ को तिरंगे के स्वरूप में भव्य श्रृंगार कर सजाया गया। यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आस्था के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा बन गया।
गणतंत्र दिवस की सुबह से ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार का आयोजन किया गया। भगवान भोलेनाथ का अलौकिक श्रृंगार फूलों से बने तिरंगे के रूप में किया गया, जिसमें केसरिया, सफेद और हरे रंग के पुष्पों से आकर्षक सजावट की गई।
मंदिर के मुख्य पुजारी श्री जय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि, “आज जब पूरा देश तिरंगा फहरा कर गणतंत्र दिवस मना रहा है, उसी भावना के साथ हमने भगवान भोलेनाथ का विशेष पूजा के बाद तिरंगे के रंगों से श्रृंगार किया है। यह श्रृंगार भक्ति के साथ-साथ देशभक्ति की झलक भी प्रस्तुत करता है। भगवान शिव राष्ट्र की एकता, शांति और समृद्धि के प्रतीक हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि धर्म और राष्ट्रप्रेम दोनों ही मानव जीवन के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। जब दोनों का संगम होता है तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संचार होता है। इसी उद्देश्य से मंदिर में यह विशेष आयोजन किया गया।
पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मंदिर में उपस्थित रही। सभी ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर राष्ट्र की प्रगति, शांति और अखंडता की कामना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि तिरंगे के श्रृंगार में सजे भोलेनाथ के दर्शन से मन में गर्व और भक्ति दोनों की अनुभूति हो रही है।
कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि हर वर्ष गणतंत्र दिवस पर इस प्रकार के विशेष आयोजन किए जाते हैं, ताकि नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सके।
विद्यानगर स्थित शिव हनुमान मंदिर का यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि यह भी संदेश दिया कि जब भक्ति में राष्ट्रप्रेम जुड़ता है तो समाज में एक नई चेतना का संचार होता है।
Reviewed by PSA Live News
on
8:34:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: