स्वामी विवेकानंद जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों ने स्वामी विवेकानंद सरोवर में अर्पित किए श्रद्धा-सुमन, युवाओं को बताया राष्ट्र की असली ऊर्जा
राँची। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आज स्वामी विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय शहरी विकास, आवास एवं ऊर्जा मंत्री आदरणीय मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कम आयु में वैश्विक स्तर पर स्वामी विवेकानंद ने हिंदुस्तान की जो अमिट छाप छोड़ी, वह हर देशवासी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन हमें यह संदेश देता है कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और उसके प्रति समर्पण अटूट हो, तो परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी विषम क्यों न हों, सफलता अवश्य मिलती है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर चलते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आज वैश्विक मंच पर हिंदुस्तान को नई पहचान दिला रहे हैं। देश की युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली ऊर्जा है। यदि यह ऊर्जा राष्ट्र-प्रथम की भावना के साथ कार्य में लग जाए, तो स्वामी विवेकानंद के सपनों के शक्तिशाली और समृद्ध भारत के निर्माण का मार्ग और भी प्रशस्त होगा।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिला पूर्वी अध्यक्ष धीरज महतो, स्वामी भावेशानंद जी सहित अनेक संत-समाजसेवी और सैकड़ों की संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और युवाशक्ति के प्रति उत्साह का अद्भुत वातावरण रहा।
Reviewed by PSA Live News
on
4:28:00 pm
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: