सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम का द्वितीय स्थापना दिवस आज, 48 निराश्रित दिव्यांग प्रभुजनों की सेवा को समर्पित होगा आयोजन
रांची, 13 जून। मानव सेवा, करुणा और परोपकार की भावना को साकार रूप देने वाले पुंदाग स्थित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम का द्वितीय स्थापना दिवस रविवार, 14 जून को श्रद्धा, सेवा और मानवता के पावन वातावरण में मनाया जाएगा। एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, रांची द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम (सत्य-प्रेम सभागार) में पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह का केंद्रबिंदु समाज के उन निराश्रित, मंदबुद्धि एवं दिव्यांग प्रभुजनों की सेवा होगी, जिन्हें परिवार और समाज का अपेक्षित सहारा नहीं मिल पाया है।
यह आयोजन परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न होगा। आश्रम के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि मात्र दो वर्षों के भीतर सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम असहाय और उपेक्षित लोगों के लिए आशा, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक बन चुका है। वर्तमान में आश्रम में 48 मंदबुद्धि, दिव्यांग एवं निराश्रित प्रभुजनों की निस्वार्थ भाव से सेवा और संपूर्ण देखभाल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आश्रम में निवासरत प्रभुजनों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं उपचार, बौद्धिक विकास हेतु शिक्षा, योगाभ्यास, मनोरंजन की सुविधाएं, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा दैनिक जीवन की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उद्देश्य केवल आश्रय प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें परिवार जैसा वात्सल्य, आत्मीयता और सम्मानपूर्ण जीवन उपलब्ध कराना है।
संजय सर्राफ ने कहा कि आश्रम में सेवा को सर्वोच्च धर्म माना जाता है और प्रत्येक प्रभुजन की आवश्यकताओं एवं भावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। यही कारण है कि यह संस्थान मानवता और संवेदनशीलता का जीवंत उदाहरण बनकर समाज को प्रेरित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि मानव सेवा के इस महायज्ञ में सत्यनारायण पोद्दार चैरिटेबल ट्रस्ट के समाजसेवी पंकज पोद्दार का निरंतर महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसके अलावा अनेक समाजसेवी, श्रद्धालु और दानदाता समय-समय पर खाद्यान्न, वस्त्र तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर इस सेवा अभियान को सशक्त बना रहे हैं।
आश्रम परिवार के अनुसार, पूज्य गुरुजी डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में वर्तमान में हिंदुस्तान के विभिन्न राज्यों में 16 अपना घर आश्रम संचालित किए जा रहे हैं, जहां 4,000 से अधिक दिव्यांग एवं निराश्रित प्रभुजनों की सेवा का महान कार्य निरंतर जारी है। इसके अतिरिक्त नेपाल की राजधानी काठमांडू में भी एक अपना घर आश्रम संचालित है, जो सीमाओं से परे मानवता, करुणा और सेवा का संदेश दे रहा है।
आश्रम के संचालन और सेवा कार्यों में ट्रस्ट के संरक्षक विजय अग्रवाल, अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, निर्मल छावनिका, सज्जन पाड़िया, पुरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, नन्द किशोर चौधरी, संजय सर्राफ, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, मधुसूदन जाजोदिया, विष्णु सोनी, सुरेश चौधरी, अरविंद अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार सहित अनेक समर्पित सदस्य सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
द्वितीय स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आश्रम परिवार ने समाज के सभी गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों एवं श्रद्धालुओं से इस मानव सेवा के महायज्ञ में सहभागी बनने का आह्वान किया है। आश्रम का मानना है कि निराश्रित और असहाय प्रभुजनों के चेहरे पर मुस्कान लाने से बड़ा कोई धर्म नहीं है। सेवा, संवेदना और समर्पण का यही संदेश इस स्थापना दिवस समारोह की मूल भावना है।
Reviewed by PSA Live News
on
7:49:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: