रोटरी क्लब ऑफ रांची व बहावलपुरी पंजाबी समाज का सराहनीय पहल: आज गुरु नानक भवन में लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर
रांची। रोटरी क्लब ऑफ रांची की ओर से बहावलपुरी पंजाबी समाज एवं बहावलपुरी पंजाबी समाज महिला समिति के सहयोग से रविवार, 14 जून को एक व्यापक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श, दवा वितरण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक गुरु नानक भवन, श्री कृष्ण नगर कॉलोनी, रातु रोड, रांची में आयोजित होगा।
शिविर में रांची के प्रतिष्ठित एवं अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न रोगों से संबंधित निःशुल्क परामर्श प्रदान करेंगे। इसमें स्त्री एवं प्रसूति रोग, मेडिसिन एवं कार्डियोलॉजी, डायबिटीज, शल्य चिकित्सा, दंत रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), नेत्र रोग, शिशु रोग, मूत्र एवं गुर्दा रोग, चर्म रोग, हृदय रोग, विकलांग एवं हड्डी रोग, प्लास्टिक सर्जरी, पैथोलॉजी तथा कैंसर रोग विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
बहावलपुरी पंजाबी समाज के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि शिविर के दौरान आम नागरिकों के लिए ईसीजी, ब्लड शुगर जांच, ब्लड ग्रुप जांच, निःशुल्क दवा वितरण तथा आयुष्मान कार्ड शिविर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है और यह शिविर लोगों को समाज सेवा के इस महायज्ञ से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। इस आयोजन को राज हॉस्पिटल एवं विवेकानंद हॉस्पिटल का भी सहयोग प्राप्त है।
रोटरी क्लब ऑफ रांची के सदस्य एवं बहावलपुरी पंजाबी समाज के मुख्य संरक्षक डॉ. सतीश तथा संस्था के सचिव मुकेश बजाज ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं।
एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह, जांच, दवा और रक्तदान जैसी सुविधाओं से युक्त यह शिविर आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का सुनहरा अवसर साबित होगा।
Reviewed by PSA Live News
on
7:33:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: