ब्लॉग खोजें

‘सेवा-संवाद-समाधान’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान के तहत आम लोगों से सीधा संवाद, भूमि विवाद, सड़क, पुल और आवास योजनाओं से जुड़ी शिकायतों पर हुई सुनवाई


मधुबनी, 06 जुलाई 2026। 
जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में सोमवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में "सेवा-संवाद-समाधान" अनुश्रवण प्रणाली के तहत "सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से जुड़े कार्यों में आने वाली कठिनाइयों से राहत दिलाना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद की मजबूत व्यवस्था स्थापित करना है। जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से अपनी शिकायतें और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

सुनवाई के दौरान अंधराठाढ़ी प्रखंड के मरुकिया निवासी सुधीर राय ने वासगीत पर्चा निर्गत कराने के लिए प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की। वहीं बेनीपट्टी प्रखंड के पाली मझिला टोल निवासी नजमुन निशा ने मझिला टोल पाली से नजरा एवं मेघवन की ओर जाने वाली नदी पर पुल निर्माण की आवश्यकता बताते हुए इस दिशा में कार्रवाई का अनुरोध किया।

हरलाखी प्रखंड के फुलहर गांव की मसोमात मरनी देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास निर्माण कार्य में कुछ लोगों द्वारा उत्पन्न किए जा रहे अवरोध की शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। वहीं लदनियां प्रखंड के योगिया निवासी राम प्रसाद सिंह ने सड़क निर्माण कार्य में अतिक्रमणकारियों द्वारा बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की।

झंझारपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या-15 निवासी रामसुंदर ठाकुर ने भूदान में प्राप्त जमीन पर जबरन कब्जा करने तथा विरोध करने पर परिवार को मुकदमे में फंसाने की शिकायत दर्ज कराई। खुटौना प्रखंड के टेंगरार निवासी सियाराम ने सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराने तथा निजी भूमि से अवैध बेदखली के मामले में न्याय दिलाने का अनुरोध किया।

इसके अतिरिक्त हरलाखी प्रखंड के सिसौनी गांव से बासोपट्टी जाने वाली सड़क के निर्माण की मांग भी जनसंवाद कार्यक्रम में प्रमुखता से उठाई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी भी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित रहे और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ की। अधिकारियों ने आवेदकों को उनकी शिकायतों की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवाएं प्राप्त हो सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर "सहयोग शिविर" आयोजित किए जा रहे हैं। यह पूरी तरह ऑनलाइन आधारित व्यवस्था है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाता है।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए घर बैठे ही "सहयोग शिविर" पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।

प्रशासन की इस पहल को आम नागरिकों के लिए राहतकारी कदम माना जा रहा है, क्योंकि इससे जनता और प्रशासन के बीच संवाद का दायरा बढ़ेगा तथा समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। जनसंवाद कार्यक्रम के अंत में सभी आवेदनों पर अग्रेतर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई तथा संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

‘सेवा-संवाद-समाधान’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश ‘सेवा-संवाद-समाधान’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश Reviewed by PSA Live News on 9:34:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.