हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा)। लाखनमाजरा स्थित माध्यमिक विद्यालय में पत्रकार जन सेवा फाउंडेशन (रजि.) का प्रथम स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं सामाजिक सरोकारों के संदेश के साथ आयोजित किया गया। समारोह में बाल कृष्ण मल्होत्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मंजीत सिंह दहिया ने की।
समारोह के दौरान ‘तोमर राज’ और ‘कंट्रोल इंडिया’ समाचार पत्रों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति, रक्तदान तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर विस्तार से व्याख्यान दिए गए। वक्ताओं ने समाज को नशे जैसी बुराई से दूर रखने, रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति को सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न प्रांतों से पत्रकारों ने पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर रविकांत, डॉ. राजेश्वर गुप्ता, पुनीत राठी, प्रदीप सिंहमार, अरुण हरदनिया, महिमा मिश्रा, देवेंद्र कुमार भाटी, शैलेन्द्र सिंह राघव, संत बिजेन्दर दास, जयप्रकाश सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
समारोह के दौरान पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने तथा समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर पालिका महम के वाइस चेयरमैन बसंत लाल गिरधर को सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ होने के साथ-साथ समाज को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है। पत्रकारों की जिम्मेदारी केवल समाचारों को जन-जन तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाना भी उनका दायित्व है। पत्रकार जन सेवा फाउंडेशन द्वारा अपने प्रथम स्थापना दिवस पर नशा मुक्ति, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को केंद्र में रखकर सामाजिक जागरूकता का संदेश देना सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया गया तथा फाउंडेशन की ओर से भविष्य में भी पत्रकारिता के साथ सामाजिक सेवा एवं जनजागरूकता के कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।
Reviewed by PSA Live News
on
1:35:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: