ब्लॉग खोजें

पुत्रदा एकादशी पर शिवमय हुआ विद्यानगर, भोलेनाथ के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

शिव हनुमान मंदिर में रुद्राभिषेक, विशेष शृंगार, संध्याकालीन आरती एवं प्रसाद वितरण; अंतिम सोमवारी पर विशेष पूजा की तैयारी



रांची।
राजधानी रांची के विद्यानगर स्थित शिव हनुमान मंदिर में सावन पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बाबा भोलेनाथ का आकर्षक एवं मनोहारी शृंगार किया गया।

संध्याकाल में मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की सामूहिक आरती में भाग लिया। आरती के दौरान भोलेनाथ के भजनों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया और भक्तगण भक्ति में भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की।

भगवान भोलेनाथ की आरती के उपरांत श्री हनुमान जी एवं भगवान श्रीराम की भी आरती श्रद्धापूर्वक की गई। पूजा-अर्चना और आरती के बाद मंदिर में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने धार्मिक आयोजन में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सावन की अंतिम सोमवारी पर होगा विशेष शृंगार

मंदिर के पुजारी पंडित जयप्रकाश मिश्रा ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को शिव हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक करते हैं। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अंतिम सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ का विशेष शृंगार, रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जाएगा। अंतिम सोमवारी को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। मंदिर परिसर को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा।

पुजारी पंडित जयप्रकाश मिश्रा ने श्रद्धालुओं से सावन की अंतिम सोमवारी पर अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन करने और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेगा विद्यानगर

सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। भक्तों का विश्वास है कि सावन के पावन महीने में भगवान भोलेनाथ की श्रद्धापूर्वक पूजा, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। अंतिम सोमवारी पर शिव हनुमान मंदिर में भी ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के बीच भक्तिभाव का विशेष नजारा देखने को मिलेगा।

पुत्रदा एकादशी पर शिवमय हुआ विद्यानगर, भोलेनाथ के भजनों पर झूमे श्रद्धालु पुत्रदा एकादशी पर शिवमय हुआ विद्यानगर, भोलेनाथ के भजनों पर झूमे श्रद्धालु Reviewed by PSA Live News on 10:57:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.