ब्लॉग खोजें

संजय सेठ का तीखा सवाल—“परमवीर अल्बर्ट एक्का को भूलना झारखंड और राष्ट्र के शौर्य का अपमान”

जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर बोले—सरकार विज्ञापनों पर करोड़ों खर्च करती है, लेकिन वीरों के सम्मान को भूल जाती है


रांची। 
1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और बलिदान की अमिट गाथा रचने वाले झारखंड के गौरव, परमवीर चक्र से सम्मानित लांस नायक अल्बर्ट एक्का की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने परमवीर अल्बर्ट एक्का के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और देशवासियों की ओर से कृतज्ञता प्रकट की।

संजय सेठ ने कहा कि परमवीर अल्बर्ट एक्का जैसे शूरवीरों की गौरवगाथा सदैव देश के युवाओं को मातृभूमि की सेवा और राष्ट्ररक्षा के लिए प्रेरित करती रहेगी। लेकिन यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है कि झारखंड के इस महान सपूत को उनकी जयंती पर भी शासन और प्रशासन हर वर्ष भुला देता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरा देश आज परमवीर अल्बर्ट एक्का को नमन कर रहा है, तब उनके जन्मस्थल झारखंड में ही उन्हें भुला देना किस तरह का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि जहां सरकार करोड़ों रुपये विज्ञापन और प्रचार पर खर्च करती है, वहीं अपने नायकों के सम्मान में एक फूल तक अर्पित नहीं किया जाता। यह न केवल परमवीर अल्बर्ट एक्का का, बल्कि झारखंड के उन सभी वीरों का अपमान है जो देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर चुके हैं या आज भी राष्ट्ररक्षा में लगे हुए हैं। ऐसे कृत्यों से समाज और आने वाली पीढ़ियों को गलत संदेश जाता है।

संजय सेठ ने राज्य सरकार से मांग की कि परमवीर अल्बर्ट एक्का की जयंती को राज्य स्तर पर सम्मानपूर्वक मनाया जाए, उनके बलिदान को पाठ्यक्रमों, सरकारी कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाए, ताकि झारखंड की धरती पर जन्मे इस महान योद्धा का सम्मान सदैव जीवित रहे।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री वरुण साहू, श्री जितेंद्र वर्मा, श्री राजू सिंह, श्री संजीव चौधरी सहित कई मंडल अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में परमवीर अल्बर्ट एक्का के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

संजय सेठ का तीखा सवाल—“परमवीर अल्बर्ट एक्का को भूलना झारखंड और राष्ट्र के शौर्य का अपमान” संजय सेठ का तीखा सवाल—“परमवीर अल्बर्ट एक्का को भूलना झारखंड और राष्ट्र के शौर्य का अपमान” Reviewed by PSA Live News on 5:49:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.